Thousand MW of thermal power plant approved for Chhattisgarh State Electricity Board's Power Generation Company, Setup of a hundred bed hospital in Janakpur will be approved soon,Manendragarh block to get a thousand MW thermal power project, Bharatpur-Sonht, Manendragarh legislators (MLA) had discussion with the chief minister of Chhattisgarh Dr Raman Singh.
Hindi Chhattisgarh Post, Raipur छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल की पावर जनरेशन कम्पनी के लिए एक हजार मेगावाट का ताप बिजली संयंत्र मंजूर, जनकपुर के सौ बिस्तर अस्पताल के लिए सेटअप जल्द मंजूर, मनेन्द्रगढ़ विकासखंड में एक हजार मेगावाट की ताप बिजली परियोजना, भरतपुर-सोनहत, मनेन्द्रगढ़ विधायकों ने मुख्यमंत्री से विचार-विमर्श किया
छत्तीसगढ़ पोस्ट -, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़, डॉ. रमन सिंह ने राज्य के सुदूरवर्ती कोरिया जिले के विकासखंड मुख्यालय जनकपुर (भरतपुर) के एक सौ बिस्तरों वाले शासकीय अस्पताल में विभागीय सेटअप जल्द मंजूर करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा है कि वे इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री श्री अमर अग्रवाल से पूरी जानकारी लेकर त्वरित कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री ने इसी कड़ी में जनकपुर-कोटाडोल-रामगढ़ की निर्माणाधीन सड़क का निर्माण पूर्ण करने के लिए पर्याप्त बजट आवंटित करने का भरोसा दिलाते हुए मनेन्द्रगढ़ स्थित आई.टी.आई. के उन्नयन और चिरमिरी में पॉलिटेकनिक संस्थान की स्थापना के बारे में भी गंभीरता से विचार करने का वायदा किया है।
डॉ. रमन सिंह आज यहां अपने निवास पर कोरिया जिले के भरतपुर-सोनहत क्षेत्र के विधायक श्री फूलचंद सिंह और मनेन्द्रगढ़ के विधायक श्री दीपक पटेल से कोरिया जिले की समस्याओं के बारे में चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए राज्य शासन की ओर से हर संभव संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कोरिया छत्तीसगढ़ के अंतिम छोर का एक पिछड़ा लेकिन खनिज संसाधनों से परिपूर्ण आदिवासी बहुल जिला है, जहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। इस जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल आदि हर प्रकार की बुनियादी सुविधाओं का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डॉ. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने इस जिले के मनेन्द्रगढ़ विकासखंड में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल की पावर जनरेशन कम्पनी के लिए एक हजार मेगावाट का ताप बिजली संयंत्र भी मंजूर किया है, जिसके निर्माण के लिए जरूरी औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
दोनों विधायकों ने इस ताप बिजली परियोजना की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया और कहा कि निश्चित रूप से इस परियोजना में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलेंगे। विधायक श्री दीपक पटेल ने मनेन्द्रगढ़ में तकनीकी शिक्षा की सुविधा बढ़ाने के लिए वहां के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आई.टी.आई.) का उन्नयन करने और वहां नये पाठयक्रम शुरू करने का भी अनुरोध किया। इसके अलावा उन्होंने मनेन्द्रगढ़ में एक इंजीनियरिंग कॉलेज और चिरमिरी में पॉलिटेकनिक संस्थान की स्थापना की संभावनाओं पर भी मुख्यमंत्री से विचार-विमर्श किया। श्री पटेल का कहना था कि इन संस्थाओं की स्थापना में दक्षिण पूर्व कोयला प्रक्षेत्र लिमिटेड (एस.ई.सी.एल) से भी सहयोग लिया जा सकता है। विधायक श्री फूलचंद सिंह ने पड़ोसी जिले सरगुजा के सहकारी शक्कर कारखाने के गन्ना उत्पादक किसानों के हितों से जुड़े विषयों पर भी मुख्यमंत्री से बातचीत की।